October 31, 2026

पुलिस पस्त”चोर मस्त” पुलिस बना रही फोन पर रिल” चोर दे रहे चोरी की घटनाओं को अंजाम, पीड़ित ने SSP नैनीताल से लगाई न्याय की गुहार।

लालकुआं में चोरों के हौसले बुलंद! पुलिस की गश्त पर उठे सवाल, दिनदहाड़े बैंक के पास से बाइक चोरी

लालकुआं।लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरों ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एचडीएफसी बैंक के समीप टायर की दुकान के बाहर खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि व्यस्त इलाके में हुई चोरी की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, परमा हल्दूचौड़ निवासी सूरज पाल मौर्य पुत्र माखन लाल मौर्य शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल संख्या UK04AJ0831 को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एचडीएफसी बैंक के पास खड़ी कर निजी काम से किच्छा चले गए थे। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी जब बाइक का कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में चार संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिनमें से एक बाइक लेकर फरार होता नजर आ रहा है।

पीड़ित ने कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुई बाइक बरामद करने की मांग की है।

वाहन चोरों के आगे पुलिस की चुनौती!



स्थानीय लोगों और पीड़ित का आरोप है कि लालकुआं, हल्दूचौड़ और मोटाहल्दू क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लोगों का दावा है कि क्षेत्र में बाइक चोरों का गिरोह सक्रिय है, लेकिन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। दिनदहाड़े बैंक के नजदीक से बाइक चोरी होने की घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

SSP नैनीताल से कार्रवाई की गुहार

लगातार बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पीड़ित और क्षेत्रवासियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल से लालकुआं क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर वाहन चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

पीड़ित ने आम जनता से भी अपील की है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक बाइक चोरों तक पहुंच पाती है और पीड़ित को उसकी मोटरसाइकिल वापस मिल पाती है।