November 27, 2026

काशीपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई या सिर्फ खानापूर्ति? छोटे दुकानदारों पर शिकंजा, बड़े कारोबारियों पर रहम क्यों!

आरिफ खान की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट

काशीपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई या सिर्फ खानापूर्ति? छोटे दुकानदारों पर शिकंजा, बड़े कारोबारियों पर रहम क्यों!

मिठाई के डिब्बों पर तारीख और बैच नंबर नहीं मिले तो सैंपल लेकर लौट आई टीम! बड़े प्रतिष्ठानों और उद्योगों पर विभाग की नजर आखिर कब पड़ेगी?

काशीपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर की प्रतिष्ठित मिठाई की दुकान कुमाऊं स्वीट्स में पैक मिठाइयों के डिब्बों पर निर्माण तिथि, बैच नंबर और बेस्ट बिफोर जैसी अनिवार्य जानकारियां अंकित नहीं मिलने के बाद विभाग ने दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की बात कही है। लेकिन सवाल यह है कि क्या खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी केवल नमूने भरने और नोटिस जारी करने तक ही सीमित रह गई है?

छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई का डंडा, बड़े प्रतिष्ठानों पर विभाग की चुप्पी क्यों?

काशीपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर अब यह सवाल उठने लगा है कि आखिर विभाग की कार्रवाई का दायरा चुनिंदा दुकानों तक ही क्यों दिखाई देता है? शहर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों और प्रभावशाली कारोबारियों के यहां इसी तरह की सघन जांच कितनी बार की गई? क्या विभाग के पास इन प्रतिष्ठानों की नियमित जांच का कोई रिकॉर्ड है?

कुंडा जैसे क्षेत्रों में संचालित बड़े प्रतिष्ठानों की जांच पर भी उठ रहे सवाल

स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि कुंडा क्षेत्र समेत आसपास के औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में संचालित बड़े प्रतिष्ठानों की खाद्य सुरक्षा संबंधी जांच कितनी गंभीरता से की जा रही है। क्या वहां भी इसी तरह औचक निरीक्षण होते हैं? क्या पैकेजिंग, निर्माण तिथि, बैच नंबर, एक्सपायरी और गुणवत्ता के मानकों की नियमित जांच की जाती है? यदि होती है तो उसकी कार्रवाई और रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं दिखाई देती?

सैंपल फेल होने का इंतजार क्यों? नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई कहां है?

कुमाऊं स्वीट्स के मामले में विभाग ने पेड़ा और सोन पापड़ी के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजने की बात कही है। लेकिन पैक मिठाई के डिब्बों पर जरूरी जानकारियां न होना अपने आप में जांच और नियमानुसार कार्रवाई का विषय है। ऐसे में सवाल है कि विभाग केवल प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार करेगा या लेबलिंग और पैकेजिंग संबंधी उल्लंघन पर भी नियमानुसार कार्रवाई करेगा?

जनता का सीधा सवाल—खाद्य सुरक्षा विभाग किसके लिए काम कर रहा है?

खाद्य पदार्थ सीधे आम जनता की सेहत से जुड़े होते हैं। ऐसे में विभाग की जिम्मेदारी सिर्फ शिकायत मिलने पर किसी एक दुकान का निरीक्षण करना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में निष्पक्ष और नियमित जांच सुनिश्चित करना है। यदि नियम सभी के लिए समान हैं तो कार्रवाई भी सभी पर समान होनी चाहिए। बड़े कारोबारी हों या छोटे दुकानदार, कानून के सामने किसी को विशेष छूट नहीं मिलनी चाहिए।

अब देखना यह है कि खाद्य सुरक्षा विभाग कुमाऊं स्वीट्स के मामले में नोटिस और सैंपल की कार्रवाई से आगे बढ़कर बड़े प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों की भी निष्पक्ष जांच करता है या फिर यह मामला भी सरकारी फाइलों में एक और औपचारिक कार्रवाई बनकर रह जाएगा।

सबसे बड़ा सवाल: खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर सिर्फ शिकायत पर चलती है या नियम तोड़ने वाले हर प्रतिष्ठान पर भी पड़ती है?

You may have missed